भोपाल

पर्यटन, संस्कृति एवं आध्यात्म मंत्री सुउषा ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में पर्यटकों को पर्यटन के साथ ही भारतीय संस्कृति और आध्यात्म से जोड़ा जाएगा। वे गुरुवार को साँची में बुद्ध जम्बूद्वीप पार्क तथा पर्यटक सुविधा केन्द्र के लोकार्पण के मौके पर बोल रही थीं। सुठाकुर ने कहा कि बुद्ध जम्बूद्वीप पार्क और पर्यटक सुविधा केन्द्र के निर्माण से पर्यटकों को उच्च-स्तरीय सुविधाएँ मिलेंगी। परिणाम स्वरूप पर्यटकों के बीच साँची और भी अधिक लोकप्रिय बनेगा। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित समाज के निर्माण के लिये संस्कृति, पर्यटन एवं आध्यात्म विभाग सतत रूप से काम कर रहा है। सुठाकुर ने कहा कि मूल्यों पर आधारित समाज और राष्ट्रवाद की संकल्पना को धरातल पर उतारने में पर्यटन, संस्कृति और आध्यात्म विभाग की भूमिका अहम् है।

पर्यटन मंत्री सुठाकुर ने कहा कि हम सिटी म्यूजियम के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को सच्चा इतिहास बताना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि गुरुनानक देव जी की 550वीं जयंती को दृष्टिगत रखते हुए सिक्ख गुरुओं की बलिदानी पावन परम्परा पर सुंदर संग्रहालय बनाया जायेगा, ताकि आने वाली पीढ़ी देश की आजादी और संस्कृति को अक्षुण्ण रखने के लिये किये गये बलिदानों को जान सके।

मंत्री सुठाकुर ने कहा कि कोरोना काल में पर्यटन काफी प्रभावित हुआ है। इसे उबारने के लिये सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के मद्देनजर प्रदेश में स्प्रिचुएबल टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिये महू विधानसभा की जानापाव पहाड़ी को चुना गया है।

साँची को पर्यटकों में लोकप्रिय बनाने कदम उठाए जाएँगे

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि विश्व धरोहर स्थल के तौर पर साँची को पर्यटकों के बीच और अधिक लोकप्रिय बनाने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किये जा रहे विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों से नि:संदेह पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को रोजगार के नवीन अवसर भी प्राप्त होंगे।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि 'स्वदेश दर्शन'' योजना के तहत बुद्धिस्ट स्थलों पर सुविधाएँ बढ़ाई गई हैं। मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बुद्ध जम्बूद्वीप थीम पार्क 17 एकड़ में फैला हुआ है। थीम पार्क में कई सुविधाएँ उपलब्ध हैं। थीम पार्क महात्मा बुद्ध के जीवन सिद्धांतों के अनुसार बनाया गया है।

इंटरप्रिटेशन सेंटर

बुद्ध जम्बूद्वीप पार्क में इंटरप्रिटेशन सेंटर भी बनाया गया है। इसमें बुद्ध और बौद्ध धर्म का कालानुक्रमिक समय, इसका उद्भव, विस्तार और प्रसार सेंटर की गैलरियों में प्रस्तुत किया गया है। बुद्ध के जीवन के 4 महान क्षणों का प्रतिनिधित्व करने वाला परिक्रमा-पथ 4 प्रतीकात्मक पेड़ों का उपयोग करके इंटरप्रिटेशन सेंटर के बाहर बनाया गया है।

साँची आने वाले पर्यटकों को सभी प्रकार की सुविधाएँ मुहैया कराने के लिये 5 करोड़ की लागत से पर्यटक सुविधा केन्द्र स्थापित किया गया है।

Source : Agency